Site icon Pioneer News Live

किशोरी के दावे से पुलिस में हड़कंप,

Spread the love

चलते टेंपो से कूदकर किशोरी ने बचाई जान

जलालपुर-जफराबाद पुलिस व एसओजी ने शुरू की जांच

जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के नत्थनपुर गांव के पास गुरुवार को 16 वर्षीय किशोरी को कथित तौर पर बंद बॉडी वाले टाटा टेंपो में जबरन बैठाए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के अनुसार, टेंपो में पहले से सात अन्य लड़कियां मौजूद थीं, जिनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और चेहरे नकाब से ढके थे। करीब तीन किलोमीटर बाद किशोरी ने मौका पाकर चलते टेंपो से छलांग लगा दी और सड़क किनारे बांस की कोठी में छिपकर अपनी जान बचाई।
हीरापुर गांव निवासी पतिराम यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंजली यादव के अनुसार, वह नत्थनपुर गांव के पास घास काटने गई थी। इसी दौरान बंद बॉडी वाला एक टाटा टेंपो वहां आकर रुका। किशोरी का आरोप है कि टेंपो से उतरे दो युवकों ने उसे बुलाया और रास्ता पूछने की बात समझकर जब वह उनके पास पहुंची तो दोनों ने उसका मुंह दबाकर उसे जबरन टेंपो में बैठा दिया। इसके बाद दरवाजा बंद कर वाहन बेलाव-केराकत मार्ग की ओर रवाना हो गया।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि टेंपो के अंदर सात अन्य लड़कियां मौजूद थीं। उसके मुताबिक, उनके हाथ-पैर बंधे थे और चेहरे नकाब से ढके हुए थे। सभी बेहोशी जैसी हालत में प्रतीत हो रही थीं। हालांकि, पुलिस ने अभी इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
किशोरी के मुताबिक, नेहरूनगर पुलिया के पास उसने मौका पाकर चलते टेंपो से छलांग लगा दी और बांस की कोठी में जाकर छिप गई। आरोप है कि टेंपो रोककर युवकों ने आसपास उसकी तलाश भी की, लेकिन उसके नहीं मिलने पर वाहन लेकर कबुलपुर बाजार की ओर चले गए। इसके बाद किशोरी बाहर निकली और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जलालपुर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जफराबाद पुलिस और एसओजी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। किशोरी द्वारा टेंपो में अन्य लड़कियों के होने की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस ने संदिग्ध टेंपो की तलाश के लिए जिलेभर में सूचना प्रसारित कराई।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थानाप्रभारी ने कई दुकानों और प्रतिष्ठानों के कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध टेंपो किस रास्ते से आया और घटना के बाद किस दिशा में गया।
थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। किशोरी द्वारा बताए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविकता सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version