जौनपुर/ श्रीमान् अपर पुलिस महानिदेशक/निदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा आधुनिकीकरण योजना एवं उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष के अंतर्गत ZFD कार्यक्रम के तहत क्रय किए गए इंटरसेप्टर (चार पहिया) वाहन संख्या UP32FG5150 को आवश्यक यातायात उपकरणों सहित जनपद जौनपुर हेतु उपलब्ध कराया गया है। यातायात निदेशालय से प्राप्त इस आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन को पुलिस लाइन जौनपुर से श्रीमान् अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आतिश कुमार सिंह एवं श्रीमान् सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री गोल्डी गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जनपद जौनपुर में कुल 07 क्रिटिकल कॉरिडोर चिन्हित किए गए हैं, जिनके अंतर्गत 14 क्रिटिकल थाना क्षेत्र आते हैं। इनमें 06 राष्ट्रीय राजमार्ग एवं 01 राज्य मार्ग सम्मिलित हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 359 किलोमीटर है।
यह इंटरसेप्टर वाहन इन सभी क्रिटिकल कॉरिडोर पर नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में कमी लाना तथा यातायात नियमों का प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करना है। विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वाहन में स्थापित स्वचालित स्पीड रडार प्रणाली के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस जौनपुर का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना, यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना तथा प्रभावी प्रवर्तन के माध्यम से संभावित सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि में कमी लाना है।