यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 10 से 15 हजार विजिटर्स पहुंचे, श्रीलंका, केन्या और इथियोपिया के साथ करोड़ों रुपये के व्यापारिक समझौते
जौनपुर। जिले की होम केयर उत्पाद निर्माता कंपनी सम्यक दृष्टि होम केयर प्राइवेट लिमिटेड ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी व्यापारिक पहचान दर्ज कराई। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में कंपनी ने अपने विभिन्न होम केयर उत्पादों का प्रदर्शन किया।
कंपनी के स्टॉल पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 10 से 15 हजार विजिटर्स, व्यापारिक प्रतिनिधियों और खरीदारों ने उत्पादों की जानकारी ली। कंपनी की ओर से पावरड्रॉप बैटरी का पानी, हैंड वॉश लिक्विड डिटर्जेंट, फ्लोर क्लीनर, टॉयलेट क्लीनर और डिश वॉश समेत विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
प्रदर्शनी के दौरान कंपनी को विदेशी खरीदारों से सकारात्मक कारोबारी प्रतिक्रिया मिली। श्रीलंका की फ्लोर केयर सर्विस के साथ 6,732.68 अमेरिकी डॉलर, केन्या की डिवाइनी इनेब्लड के साथ 17,909.21 अमेरिकी डॉलर तथा इथियोपिया की डीएच हैंड ट्रेड्स पीएलसी के साथ 15,000 अमेरिकी डॉलर के निर्यात संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
कंपनी के प्रबंध निदेशक आनंद कुमार सिंह ने कहा कि ट्रेड शो भारतीय होम केयर उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है। श्रीलंका, केन्या और इथियोपिया के खरीदारों के साथ हुए समझौते नियमित निर्यात और दीर्घकालीन व्यापारिक साझेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ट्रेड शो में मिले कारोबारी फीडबैक से अफ्रीका समेत अन्य विदेशी बाजारों में उत्पादों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
कंपनी की यह उपलब्धि जौनपुर में उद्यमिता, एमएसएमई विकास और निर्यात संभावनाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर निर्मित होम केयर उत्पादों को विदेशी बाजार से जोड़ने की दिशा में इसे जिले के लिए एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
