Site icon Pioneer News Live

पुलिस टीम पर पथराव, गाड़ियों में तोड़—फोड़, 3 आरोपी सलाखों के पीछे

Spread the love

जौनपुर: बरसठी क्षेत्र के परियत गांव की टिकरान अनुसूचित जाति बस्ती में बीते रविवार विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। हमले में पुलिसकर्मी राकेश कुमार को चोटें आईं जबकि पुलिस की बाइक में भी लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चौबीस घंटे के अंदर 3 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रामलखन और हीरालाल गौतम पक्ष के बीच विवाद की सूचना पर हेड कांस्टेबल राकेश कुमार एवं एक अन्य पुलिसकर्मी जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी के मोबाइल भी छीनकर क्षतिग्रस्त किए गए। सूचना मिलते ही बरसठी व रामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश देकर रिकास गौतम, विजय गौतम और प्रतीक निवासी परियत को गिरफ्तार कर लिया। तीनों गंभीर धाराओं में वांछित थे।

Exit mobile version