Site icon Pioneer News Live

मेडिकल कॉलेज में पहली बार स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण की सफल शुरूवात, हृदय रोग उपचार की उन्नत सुविधा हुई शुरू।

Spread the love

जौनपुरः उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग में पहली बार स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण की सफल प्रक्रिया संपन्न की गई। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज जौनपुर में अब हृदय रोगों के उन्नत उपचार एवं पेसमेकर प्रत्यारोपण की सुविधा औपचारिक रूप से शुरू हो गई है, जिससे जनपद एवं आसपास के मरीजों को अब उपचार हेतु बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।

उपचार हेतु आए खुटहन क्षेत्र निवासी 68 वर्षीय मरीज को हृदय संबंधी गंभीर समस्या के कारण भर्ती किया गया था। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच किए जाने पर यह पाया गया कि मरीज की हृदय गति अनियमित एवं अत्यंत धीमी हो रही थी, जिसके कारण स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण अत्यंत आवश्यक था।

उक्त स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए मेडिकल कॉलेज जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर. बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर ए. ए. जाफरी एवं जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आनंद कुमार सिंह एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपित किया गया।

ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय टीम ने पूरी सावधानी एवं कुशलता का परिचय दिया। वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य एवं स्थिर है तथा वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर. बी. कमल ने पूरी कार्डियोलॉजी टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान लगातार आधुनिक एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है, ताकि जनपद के लोगों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।

उक्त सफल प्रक्रिया में डॉ. मोहम्मद शादाब, डॉ. सिद्धार्थ कुमार एवं अन्य सहायक कर्मचारी भी शामिल रहे।

पेसमेकर टेक्निकल टीम में अशोक यादव, कासिफ अहमद एवं विवेक का विशेष सहयोग रहा।

Exit mobile version