Site icon Pioneer News Live

लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत समाजवादी पार्टी का जनजागरूकता एवं आंदोलन का कार्यक्रम

Spread the love

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार तथा इंडिया गठबंधन की बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रम में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत “वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ” के संदेश के साथ विभिन्न चरणों में जनजागरूकता एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आज आयोजित प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी जौनपुर के जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत संगठन द्वारा चरणबद्ध कार्यक्रम तय किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जा चुकी है, जिसमें लोकतंत्र, संविधान तथा मताधिकार से जुड़े विषयों पर संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। इसके बाद तीसरे चरण में विधानसभा वार बैठकें आयोजित कर आम नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में ऐसे निर्णय एवं प्रक्रियाएं अपनाई गई हैं, जिन्हें पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत मानती है। पार्टी इन विषयों को लेकर जनता के बीच तथ्य एवं अपनी आपत्तियां रखेगी तथा मताधिकार की रक्षा के लिए जनजागरूकता अभियान चलाएगी।

उन्होंने बताया कि चौथे चरण में जनपद स्तर पर वृहद मार्च आयोजित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर एकत्रित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा वहां से मार्च करते हुए बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके पश्चात मार्च कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रदर्शन एवं सभा के माध्यम से अपनी मांगें रखेगा।

समाजवादी पार्टी की प्रमुख मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए तथा कानूनन अपराध के लिए मुकदमा कायम कर जेल भेजा जाए, नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाएगी।

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे—

पूर्व मंत्री श्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, पूर्व विधायक श्री लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक श्रीमती श्रद्धा यादव, पूर्व विधायक श्री मोहम्मद अरशद खान, जिला महासचिव श्री आरिफ हबीब, दीपचंद राम, पूनम मौर्य, डॉ. सभाजीत यादव, श्यामबहादुर पाल, हीरालाल विश्वकर्मा, महेंद्र यादव नेपाल, गामा सोनकर, सुशील दुबे, गुलाब यादव रीठी, श्रवण जायसवाल, वीरेंद्र यादव, डॉ. जंगबहादुर यादव, दीपक विश्वकर्मा, सुनील वासुदेव यादव, रुद्र प्रताप यादव, संदीप यदुवंशी, मुकेश यादव, मो. आसिफ शाह सहित समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version