Site icon Pioneer News Live

25 हजार दीपों से जगमगाया गोपी घाट, लेजर शो में दिखी जौनपुर की गौरवगाथा

Spread the love

सेवा संकल्प अभियान का भव्य आगाज, जिले के प्रमुख स्थलों पर 5-5 हजार दीपों से रोशन हुआ शहर

जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिले में भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सद्भावना पुल स्थित गोपी घाट पर करीब 25 हजार दीपों के एक साथ प्रज्वलन से नदी तट रोशनी से नहा उठा। वहीं आकर्षक लेजर शो के माध्यम से जौनपुर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ विकास की तस्वीर प्रस्तुत की गई।
अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत कलेक्ट्रेट, विकास भवन, शाही किला, पुलिस लाइन, इंदिरा गांधी स्टेडियम, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, लोहिया पार्क, रोडवेज, मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर पार्क और गांधी तिराहा समेत प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम गोपी घाट पर हुआ, जहां लगभग 25 हजार दीपों की रोशनी से पूरा तट जगमगा उठा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद हुए लेजर शो में जौनपुर की ऐतिहासिक पहचान से लेकर आधुनिक विकास तक की झलक दिखाई गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
प्रदर्शनी में दिखीं विकास योजनाएं
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नजारत कार्यालय के सामने सूचना विभाग की ओर से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा तथा मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की गई है। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं से संबंधित जानकारी ली।
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल में गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता समेत विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अधिकारियों को अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रभावी, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपादित कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version