Site icon Pioneer News Live

MDR शुल्क को लेकर व्यापारियों में नाराजगी, सरकार को दी विरोध की चेतावनी

Spread the love

व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया तो होगा विरोध: जैकी साहू

जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नगर कमेटी की संगठनात्मक बैठक जिलाध्यक्ष विवेक सिंह के निर्देशन में नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू जैकी की अध्यक्षता में ओलन्दगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई जहां पूरी नगर कार्यकारिणी समेत सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा डिजिटल भुगतान पर एमडीआर रहा। नगर अध्यक्ष जैकी साहू ने कहा कि UPI ने व्यापार को आसान किया है लेकिन इसका खर्च छोटे व्यापारी पर बोझ बनकर नहीं आना चाहिए। संगठन की स्पष्ट मांग है कि UPI मर्चेंट लेन—देन पर किसी भी प्रकार का MDR चार्ज न लगे और यदि किसी भी प्रकार का छुपा हुआ शुल्क है तो केन्द्र सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए, उसकी जानकारी पहले से स्पष्ट रूप से बताई जानी चाहिए। नगर प्रभारी अजीत सोकर एवं महामंत्री दिलीप जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि त्योहारों को देखते हुए बाजारों में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए। बाजारों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगे और कमर्शियल सोलर पैनल पर भी घरेलू सोलर की तरह सब्सिडी दी जाए। नगर उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सेठी ने कहा कि समय के साथ व्यापार करने का तरीका बदलना होगा। सभी व्यापारियों को डिजिटल दुनिया से जोड़ने के लिए एक भव्य डिजिटल कार्यशाला का आयोजन किया जाय जिससे व्यापारी डिस्प्ले, ऑनलाइन पेमेंट और डिजिटल मार्केटिंग सीख सकें। नगर उपाध्यक्ष श्याम वर्मा ने सुझाव दिया कि हर महीने “व्यापारी संवाद बैठक” अनिवार्य रूप से होनी चाहिए जो किसी भी व्यापारी की दुकान या प्रतिष्ठान पर आयोजित की जा सकती है, ताकि नई समस्याओं, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक मुद्दों पर निरंतर चर्चा होती रहे। नगर उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि व्यापारी ही रोजगार देता है, टैक्स देता है और शहर की अर्थव्यवस्था चलाता है। व्यापारी लाखों परिवारों को अप्रत्यक्ष रोजगार देता है, इसलिए सरकार द्वारा व्यापारी सुरक्षा बीमा योजना लागू होनी चाहिए और जौनपुर के बाजारों को आधुनिक बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

Exit mobile version