5 Oct 2026, Mon

गोवंशों से ठूंसकर भरी छोटी गाड़ी, चार की मौत मुंगराबादशाहपुर-सुजानगंज मार्ग पर लगा जाम

Spread the love

गौशाला भेजने के नाम पर पशुओं को इस तरह लादने पर उठे सवाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर से सुजानगंज जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक छोटी गाड़ी में कई गोवंशों को कथित तौर पर ठूंस-ठूंसकर लदा पाया गया। इनमें से चार गोवंशों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति संभालने में जुटा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गोवंशों को किसी कथित गो-तस्कर ने नहीं लदवाया था, बल्कि गांव के लोगों ने ही उन्हें गाड़ी में लादा था। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत सचिव के स्तर से इन गोवंशों को गौशाला भेजने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि गोवंशों को गौशाला भेजा जा रहा था तो एक छोटी गाड़ी में उन्हें इस तरह ठूंस-ठूंसकर भरने की जरूरत क्यों पड़ी?

एक साथ बड़ी संख्या में पशुओं को सीमित जगह में भरकर ले जाने से उनकी हालत बिगड़ने और मौत होने की आशंका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीण इसी मुद्दे को लेकर आक्रोशित हैं और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल मौके पर पुलिस बल मौजूद है और जाम हटाने तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। गोवंशों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उन्हें इस तरह वाहन में किसके निर्देश पर लादा गया था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

By Ashish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *