भारी बारिश के बीच शहर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

जौनपुर। भारी वर्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने देर रात शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर जलभराव, जल निकासी, गोमती नदी के जलस्तर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बारिश के चलते उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, ओलन्दगंज स्थित राजा साहब की बिल्डिंग तथा गोमती नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में चिन्हित जर्जर भवनों की स्थिति का भी जायजा लिया। अधिशासी अधिकारी को जर्जर भवनों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी कर विधिक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी कराने को कहा। साथ ही ऐसे भवनों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने गोमती नदी के जलस्तर का भी निरीक्षण किया। रात्रि भ्रमण के दौरान नदी का जलस्तर सामान्य स्थिति में पाया गया। वहीं शहर के कुछ स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा।
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।