5 Oct 2026, Mon

नवरात्र को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की शांति समिति के साथ बैठक

Spread the love

जोर, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

जौनपुर। आगामी नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी समुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शांति समिति के सदस्यों तथा दुर्गा पूजा महासमिति के संयोजकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, प्रतिमा स्थापना व विसर्जन, जुलूस के निर्धारित रूट, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने पूजा समितियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए आयोजन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
वहीं एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने आयोजकों को निर्धारित स्थान और पारंपरिक मार्ग के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने तथा जुलूस एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान तय रूट और समय का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा पंडालों में स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती, प्रवेश-निकास मार्ग को सुगम रखने और महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। अधिकारियों ने पंडालों में विद्युत तारों, जनरेटर और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट से सतर्क रहने की अपील की गई। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
त्योहारों के दौरान प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में समिति के पदाधिकारियों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी लिए गए तथा संबंधित विभागों को समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर, क्षेत्राधिकारी सदर सम्यक चौधरी समेत अन्य अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

By Ashish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *