5 Aug 2026, Wed

राजस्व वसूली में लापरवाही पर सख्त जिलाधिकारी , बिजली विभाग के अधिकारियों को नोटिस के निर्देश

Spread the love

स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच, अवैध खनन पर कार्रवाई, डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान और स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्टाम्प एवं पंजीयन, आबकारी, विद्युत, खनन, परिवहन, मंडी समिति, मत्स्य और नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बिजली विभाग की खराब वसूली पर नाराजगी जताते हुए रुचि न लेने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तेज करने को कहा।
बैठक में अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, मत्स्य पट्टों का शत-प्रतिशत पंजीकरण तथा सभी स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि स्कूल वाहनों में फिटनेस, गति सीमा, सुरक्षा उपकरण और अन्य सभी सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए। डग्गामार वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर निकायों को खुले में शौच की पुनरावृत्ति रोकने, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, नदी घाटों की नियमित सफाई तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुबह 4 से 6 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाने और प्रत्येक नगर निकाय में दो प्रमुख स्थानों का सौंदर्यीकरण कराने को कहा।
डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिड-डे मील में वितरित दूध की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ठ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Ashish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *