5 Aug 2026, Wed

स्कूलों में बीएसए का औचक निरीक्षण, कम उपस्थिति पर प्रभारी प्रधानाध्यापक का वेतन रोका

Spread the love

आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों का निरीक्षण, बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों की सराहना तो लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने शुक्रवार को जिले के मुफ्तीगंज, केराकत और डोभी विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की छात्र उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, स्मार्ट क्लास, मध्याह्न भोजन, डीबीटी, कंपोजिट ग्रांट के उपयोग और स्वच्छता की गहन समीक्षा की। कई विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर शिक्षकों की सराहना की गई, जबकि कम छात्र उपस्थिति और शैक्षणिक लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई भी की गई।
सबसे पहले बीएसए ने मुफ्तीगंज के प्राथमिक विद्यालय ओझैनिया का निरीक्षण किया। यहां वे स्वयं प्रार्थना सभा में शामिल हुए और बच्चों को नियमित विद्यालय आने तथा अनुशासन का महत्व बताया। विद्यालय में सभी शिक्षक उपस्थित मिले और छात्र उपस्थिति भी संतोषजनक रही। कंपोजिट ग्रांट, डीबीटी और मध्याह्न भोजन योजना का संचालन भी नियमों के अनुरूप मिला, जिस पर पूरे स्टाफ की प्रशंसा की गई।

इसके बाद केराकत के पूर्व माध्यमिक विद्यालय तरियारी का निरीक्षण किया गया, जहां स्मार्ट क्लास का बेहतर संचालन, उच्च स्तर का शिक्षण और स्वच्छ परिसर देखकर बीएसए ने प्रधानाध्यापक सहित पूरे स्टाफ की सराहना की। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय घुरुहरी और प्राथमिक विद्यालय सरायवीरू में शिक्षकों को छात्र नामांकन बढ़ाने, अभिभावकों से नियमित संपर्क बनाए रखने और स्कूल चलो अभियान को तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय चौरा में छात्रों की कम उपस्थिति और बच्चों का अधिगम स्तर कमजोर मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षण कार्य में तत्काल सुधार, नियमित अभ्यास और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की कड़ी चेतावनी दी।
सबसे सख्त कार्रवाई डोभी ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय कूपा में की गई। यहां 130 नामांकित छात्रों के सापेक्ष केवल 59 छात्र उपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए तथा अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय ककरापार, चंदवक, पीएम श्री विद्यालय महादेवा तथा जूनियर हाई स्कूल महादेवा का भी निरीक्षण किया गया। यहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। बीएसए ने स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, सभी सरकारी योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां उत्कृष्ट कार्य होगा वहां सम्मान मिलेगा और जहां कमी मिलेगी वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By Ashish

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *